आरएस पुरा। गांव बडयाल काजियां में सर्व भो सनातान धर्म एवं रामायण मंडली ने श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह का शुरू करवाया। इस मौके पर निकाली कलश यात्रा के साथ संगम पैलेस परिसर से शुरू होकर आरएसपुरा मुख्य बाजार सहित विभिन्न चौकों से शीतला मंदिर पहुंची। इस दौरान कई स्थनों पर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। हनुमान चौक में बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा कि ओर से यात्रा का स्वागत किया गया। उपजिला अस्पताल मुख्य गेट के पास नपा अध्यक्ष सतपाल पप्पी सहित कई वार्ड पार्षदों ने कलश यात्रा का स्वागत किया।
शीतला माता मंदिर में कलशों में पानी भरा गया और कलश यात्रा संगम पैलेस में समाप्त हुई। परिसर में बने हवन कुंड में आहुति डाली पूजा अर्चना की गई। श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह शुरू हुआ। सात दिनों तक चलने वाली इस भागवत कथा के दौरान देशभर के कई हिस्सों से संत पहुंचकर भक्तजनों अपने प्रवचनों से निहाल करेंगे। सर्व भो सनातन धर्म एवं रामायण मंडली अध्यक्ष जोगिंद्र पाल रैना ने बताया कि देश में सुख शांति कि कामना को लेकर इस भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमद्भागवत कथा के प्रवचन के माध्यम से पहले दिन संत बलवीर शास्त्री जी महाराज ने कहा कि भागवत कथा ज्ञान का भंडार है, कथा मनुष्य के जीवन में सुखों का संचय करने वाली होती है। पूरे मनोयोग के साथ कथा श्रवण मात्र से मनुष्य के जीवन में चमत्कारिक परिवर्तन हो सकते हैं। श्रीमद्भागवत में तमाम ऐसी कथाएं ही हमें प्रेरणा देती है और कलयुग में जीवन को कलात्मक ढंग से जीने का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने इस कलियुग के जीवन का वर्णन करते हुए कहा कि मानव जन्म पाकर मनुष्य अमृत पी लें और उसके व्यवहार में कोई बदलाव न होतो उस अमृत पीने का कोई लाभ नहीं।