सांबा। त्योहारी सीजन में कस्बे में खरीदारी करने के लिए पहुंचने वाले लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं है। ऐसे में ग्राहक सड़क पर अपने वाहन खड़े कर खरीदारी के लिए चले जाते हैं। इससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और आम लोग भी परेशान रहते हैं।
व्यापार मंडल के प्रधान तेजेंदर सिंह, सुनील गुप्ता, रमेश हंसा आदि ने कहा कि प्रशासन को कई बार अवगत करवाया गया है कि कस्बे में कुछ स्थान खाली पड़े हैं। वहां पर पार्किंग बनाई जाए। कस्बे में वाहन पार्किंग की बड़ी समस्या है इसका समाधान होना बेहद जरूरी है। बाजार में पहले तो दुकानदारों के ही वाहन बड़ी संख्या में होते हैं उसके बाद बाजार आने वाले लोगों के वाहन होते हैं। पहले से खड़े वाहन के कारण ग्राहकों को अपने वाहन को खड़े करने के लिए स्थान नहीं होता है। ऐसे में वह सड़क किनारे से खड़े कर दिए जाते हैं जो जाम की समस्या बनते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि वह उन स्थानों पर स्थाई पार्किंग बना दे जहां भूमि चिन्हित की गई है। कस्बे के पुराने बाजार की तरफ जाने वाले ग्राहकों के लिए किले के आसपास पार्किंग बनाई जा सकती है। प्रशासन छोटे वाहनों के लिए अलग से पार्किंग बनाए इसके लिए कस्बे के मुख्य बस अड्डा पर वाहन खड़े किए जा सकते हैं।
किले के पास कुछ भूमि है उसे समतल करवाया जाएगा। सुंब मार्ग चौक पर बिजली विभाग की भूमि है, बार्डर मार्ग पर सिंचाई विभाग की भूमि के बारे जिला उपायुक्त को लिखित में बता दिया गया है।
-जोध राज,सीइओ नगर परिषद सांबा।