रियासी/पौनी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर श्री शिवखोड़ी धाम बम-बम भोले के उदघोष से गूंजने लगा है। आधार शिविर रनसू में बुधवार को वार्षिक तीन दिवसीय मेले का आगाज हुआ, जिसका शुभारंभ डीसी इंदु कंवल चिब ने किया। इस मौके पर रनसू में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें भोले के गुणगान से पूरा भक्ति में डूब गया है।
शोभायात्रा की शुरूआत नगर के प्रवेश द्वार से हुई। इसमें भगवान शिव-पार्वती सहित मां वैष्णो देवी की झांकी निकाली गई। साथ ही स्थानीय कलाकारों ने कुड नृत्य कर लोगों का मनोरंजन किया। शोभायात्रा में स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और ढोल की थाप पर नृत्य कर भोले की महिमा का गुणगान किया। टूरिज्म रिसेप्शन सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें रनसू, रियासी और जम्मू से आए कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वीरवार को मेले के दूसरे दिन भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर एडीसी राजेेंद्र कुमार शर्मा, एसएसपी रश्मि वजीर, पर्यटन विभाग की उपनिदेशक अंबिका बाली, बीडीसी चेयरमैन पवन कुमार बनाथिया, सरपंच विजय कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।