घाटी में आतंकी बुरहान को आईकॉन मानने वालों के मुंह पर त्राल की एक बेटी ने करारा चांटा जड़ा है। जिस स्कूल से तालीम हासिल करने वाले बुरहान ने आतंक का दामन थामा, उसी स्कूल की शाहिरा ने इंटर की परीक्षा में 99 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल कर यह साबित किया कि बेटियां किसी भी मामले में बेटों से पीछे नहीं हैं।
वह भी तब जब बुरहान की मौत के बाद घाटी में सामान्य हालात नहीं थे। मुश्किल हालातों में भी मेहनत और बेशुमार हिम्मत से शाहिरा ने 500 में से 498 अंक हासिल किए। अपनी सफलता पर खुशी का इजहार करती हुईं शाहिरा कहती हैं कि वह मेडिकल की तैयारियां कर रही हैं।
इसके लिए वह राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली नेशनल इंट्रेस इलिजिबिलिटी टेस्ट (नीट) की तैयारियों में जुटी हुई हैं। उम्मीद है कि वह इस परीक्षा में सफल होंगी और पीड़ित मानवता की सेवा का मूल मंत्र साकार कर सकेंगी।