रियासत में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सोमवार को नाम वापसी के बाद 15 सीटों पर 123 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सीटों के लिए मतदान 25 नवंबर को होगा।
इस चरण में सात मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें सज्जाद अहमद किचलू, अब्दुल मजीद वानी, नवांग रिगजिन जोरा, मोहम्मद अकबर लोन, नजीर गुरेजी, फिरोज अहमद और मियां अल्ताफ शामिल हैं।
पहले चरण में बांडीपोरा, गांदरबल और भद्रवाह से सबसे अधिक 13-13 प्रत्याशी मैदान में हैं। लेह से राज्य सरकार के मंत्री व कांग्रेस प्रत्याशी नवांग रिगजिन जोरा तथा भाजपा प्रत्याशी चेरिंग दोरजे के बीच सीधी लड़ाई है।
गांदरबल सीट पर पिछले चुनाव में नेकां के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला जीते थे, लेकिन इस बार उन्होंने यह सीट बदलकर सोनावर तथा बीरवाह से लड़ने का फैसला किया है।
नाम वापसी के बाद गुरेज से चार, सोनवाड़ी से सात, कंगन से 10, नोबरा से छह, कारगिल से चार, जंस्कार से चार, किश्तवाड़ से 10, इंद्रवाल से12, डोडा से11, रामबन से आठ और बनिहाल से छह उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं। सभी 15 सीटों पर 10 लोगों ने पर्चा वापस लिया।