रामकोट में पिछले सात दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। इसकी वजह से लोगों को नदी-नालों और तालाबों का दूषित पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
पीएचई विभाग का कहना है कि बिजली लाइन में फाल्ट से यह समस्या पैदा हुई है। अलबत्ता विभाग रविवार को नगर में पेयजल सप्लाई बहाल कर देगा।
रमेश चंद्र, कृष्ण सिंह, लालचंद, राकेश कुमार, कुलदीप कुमार आदि ने बताया कि नगर में पिछले सात दिनों से पेयजल सप्लाई बंद है। नतीजतन, लोगों को कई प्रकार की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
हालांकि वे कई बार पीएचई विभाग से पेयजल सप्लाई बहाल करने के लिए कह चुके हैं, लेकिन अभी तक पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि नदी-नालों और पोखरों का दूषित पानी इस्तेमाल करने से बीमारी फैलने का खतरा है। उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे नगर के लोगों की परेशानी को देखते हुए फौरन पेयजल सप्लाई बहाल करें।
विभाग के एईई अश्विनी सेठ ने बताया कि पीएचई की बिजली लाइन में फाल्ट आ जाने की वजह से यह समस्या पैदा हुई थी। जिसे बिजली विभाग ने अब ठीक कर दिया है। लिहाजा रविवार को नगर में पेयजल सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।