जम्मू संभाग में समर जोन के सरकारी स्कूलों में छह अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक ज्यादातर सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को शिक्षा हासिल करने के लिए पुस्तकें नहीं मिल पाई हैं। जम्मू कश्मीर बोर्ड आफ स्कूल के अधिकारी का कहना है कि पुस्तकें स्कूलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी स्कूलों में पुस्तकें पहुंच जाएंगी।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से लेकर आठवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा देने का प्रावधान है। इसी के तहत सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें भी नि:शुल्क दी जाती हैं। विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम के तहत पुस्तकें तैयार करने का कार्य जम्मू कश्मीर बोर्ड आफ स्कूल की तरफ से किया जाता है।
बोर्ड पुस्तकों को चीफ एजूकेशन अफसर तक पहुंचाता है और फिर बाद में जोनल एजूकेशन अफसर इन पुस्तकों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का काम करता है, लेकिन अभी तक समर जोन में स्थित ज्यादातर सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों तक पुस्तकें पहुंच नहीं पाई हैं। छह अप्रैल से विद्यार्थी बिना पुस्तकों के ही स्कूलों में पहुंच रहे हैं।
औपचारिकता पूरी करने के लिए शिक्षक भी विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। शिक्षकों ने बताया कि हर वर्ष अप्रैल के पहले सप्ताह में बोर्ड की तरफ से पुस्तकें स्कूलों तक पहुंचा दी जाती हैं और शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाना शुरू कर देते हैं, लेकिन जम्मू संभाग के ज्यादातर समर जोन स्कूलों में अभी तक पुस्तकें पहुंचाई नहीं गई है। इसी कारण शिक्षक विद्यार्थियों सही तरह से पढ़ा नहीं पा रहे हैं।
जम्मू संभाग के सभी विंटर जोन स्कूलों में पुस्तकें वितरित कर दी हैं। सोमवार से समर जोन स्कूलों में वितरण का काम शुरू कर दिया गया है। चंद दिनों के अंदर सभी स्कूलों तक पुस्तकें पहुंच जाएंगी।
वीना पंडिता, सेक्रेटरी, जम्मू कश्मीर बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन