मुठभेड़ में स्थानीय युवाओं के मारे जाने के विरोध में अलगाववादियों ने बुधवार को बंद का आह्वान किया है। इसे देखते हुए हुर्रियत (एम) प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक को मंगलवार शाम नजरबंद कर दिया गया। स्वयं मीरवाइज ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
घाटी में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। बनिहाल से बारामुला के बीच रेल सेवा भी स्थगित कर दी गई है। हुर्रियत (जी) प्रमुख सैयद अली शाह गिलानी, हुर्रियत (एम) प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक तथा जेकेएलएफ प्रमुख यासीन मलिक के ज्वाइंट रेजीस्टेंस लीडरशिप की ओर से बंद का आह्वान किया गया है।
बंद के दौरान हिंसा की आशंका में श्रीनगर के सात थाना क्षेत्रों रैनावारी, नौहट्टा, खान्यार, एमआर गंज, सफाकदल, मायसूमा, क्रालखुड में पाबंदियां रहेंगी। प्रमुख स्थानों पर बैरेकेडिंग के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। पुलिस के अनुसार एहतियातन पाबंदियां लगाई गई हैं ताकि किसी प्रकार की हिंसा न भड़कने पाए।