ज्यौड़ियां। नक्सलियों द्वारा अगवा किए गए सीआरपीएफ के जवान राकेश्वर सिंह को रिहा कराने को लेकर खौड़ की पंचायत पगांली के लोगों ने मंगलवार को सरपंच पठान सिंह मनहास के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराज्यपाल से मांग की है। अमर उजाला से बात करते हुए सरपंच ने बताया कि राकेश्वर सिंह का परिवार पंचायत पगांली से लगभग 22 साल पहले जम्मू चला गया। उनका पंचायत में आना जाना रहता है।
सरपंच ने कहा कि हमारी पूरी पंचायत राकेश्वर के परिवार के साथ खड़ी है। भगवान से यही दुआ कर रही है कि वह सकुशल वापस घर लौट आएं। वहीं पंचायत निवासी और जवान राकेश्वर के बचपन के दोस्त रिंकू खजूरिया ने बताया कि जब से यह खबर गांव में पहुंची है तब से पूरा गांव सदमे में है। परिवार के साथ राकेश्वर की सलामती तथा सकुशल लौटने की दुआ कर रहा है। सभी लोगों की निगाहें खबरों पर हैं कि कब अच्छी खबर आए और नक्सलियों के चंगुल से राकेश्वर सिंह रिहा हो गए।