जीएमसी जम्मू में बुधवार को पैथकान अध्याय 2 सम्मेलन में दीप प्रज्ज्वलन करते प्रिंसिपल डा. आशुतोष
जम्मू। जीएमसी जम्मू के एनएमसीएन सभागार में बुधवार को हुए पैथकॉन अध्याय 2 सम्मेलन में कैंसर और दूसरी गंभीर बीमारियों के रोकथाम प्रबंधन पर चर्चा की गई। इसमें प्रमुख रूप से संक्रमण बृहदांत्रशोथ, फेफड़ों के कैंसर की विकृति, सिर और गर्दन का कैंसर, रोगविज्ञान के आधार पर उपचार के निर्णय, थायरॉइड घावों में नैदानिक दुविधाएं, फेफड़ों के कैंसर का प्रबंधन, प्राइमरी जर्म सेल मीडियास्टिनल ट्यूमर-एक दुर्लभ मामला, बोन मैरो, एड्रेनोकोर्टिकल कार्सिनोमा जैसे मुद्दों पर विशेषज्ञों ने अनुभव साझा करने के साथ प्रभावशाली विचार रखे।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ पैथोलॉजिस्ट एंड माइक्रोबायोलॉजिस्ट (आईएपीएम) के जेके चैप्टर के तत्वावधान में जीएमसी के स्नातकोत्तर पैथोलॉजी विभाग की ओर से करवाए गए सम्मेलन में विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर अपनी अंतर्दृष्टि साझा करने के साथ पैथोलॉजी में दिलचस्प मामलों पर चर्चा की। इस दौरान उद्घाटन करने पहुंचे जीएमसी के प्रिंसिपल डाॅ. आशुतोष गुप्ता को आयोजक चेयरपर्सन व जेकेआईएपीएम के चेयरपर्सन डाॅ. सुभाष भारद्वाज ने सम्मानित किया। सम्मेलन में प्रस्तुतियां देने वाले वक्ताओं में डाॅ. आशुतोष गुप्ता, डॉ. सुभाष भारद्वाज, डॉ. ज्योत्सना सूरी, डॉ. विशाल टंडन, डाॅ. राजीव गुप्ता आदि शामिल हुए। इस दौरान हुए सत्र में जीएमसी जम्मू, कठुआ, राजोरी, डोडा और उधमपुर के साथ एस्काम जम्मू के वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने एक मजबूत शैक्षणिक चर्चा की। जीएमसी जम्मू और एस्काम के विभिन्न विभागों के स्नातकोत्तर और वरिष्ठ रेजीडेंट ने पोस्टर प्रस्तुत किए, जिनका मूल्यांकन डॉ. (प्रो) मीना सिद्धू एचओडी ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन, डॉ. (प्रो) संध्या अरोड़ा एचओडी फोरेंसिक मेडिसिन, डॉ. ((प्रो) संदीप डोगरा एचओडी माइक्रोबायोलॉजी आदि द्वारा किया गया। तीनों सत्रों में प्रस्तुत किए गए पोस्टर में सर्वश्रेष्ठ को नकद पुरस्कार और पहले व दूसरे स्थान के लिए स्मृति चिह्न से सम्मानित किया गया। इस मौके पर डॉ. रजत गुप्ता, डॉ. पवन मल्होत्रा, डॉ. सुरेंद्र अत्री आदि मौजूद रहे।