सांबा। गणतंत्र दिवस पर आतंकियों द्वारा प्रभावित किए जाने की इनपुट पर सुरक्षा बल काफी सतर्क हो गए हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले की फिराक में है। इसको लेकर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ कराई जाने के भी इनपुट हैं।
इन दिनों घने कोहरे व ठंड का लाभ लेने के लिए व पाकिस्तान की ओर बहने वाले नदी नालों पर आतंकियों की घुसपैठ करने की कोशिश है। पाकिस्तानी सीमा के निकट पाकिस्तानी सेना की ओर से आतंकियों के लिए बनाए गए लांचिंग पैड पर आज भी आतंकियों के रहने के इनपुट हैं। वह मौके की तलाश में हैं कि कब उन्हें कोई मौका मिले, वह घुसपैठ कर सकें या सीमा पार से हथियारों की खेप पहुंचा सकें। लांचिंग पैड पर आतंकियों की मौजूदगी के बारे में बीएसएफ के आईजी भी कह चुके हैं। इसको लेकर सुरक्षा बलों की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सूत्रों के अनुसार हालांकि भारत-पाकिस्तान सीमा पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
------------
सांबा। गणतंत्र दिवस को देखते हुए सुरक्षा बल भी सतर्क हो गए हैं। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी कड़ी सतर्कता बरती जा रही है। इसी सिलसिले में शनिवार सुबह सेना, सीआरपीएफ व पुलिस एसओजी के जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। सबसे पहले सुरक्षा बल के जवानों ने बसंतर दरिया व देविका नदी के मध्य के क्षेत्र को खंगाला गया। बाद में कौलपुर, फूलपुर, गलाड, चक फकीरा, सुचेतगढ कुलीयां, मावा व रिगाल तक के सीमावर्ती क्षेत्र को पूरी तरह से खंगाला गया। वहीं सीमावर्ती ग्रामीणों से भी भेंट कर उन्हें भी जागरूक किया गया कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु अथवा व्यक्ति मिलता है तो उसकी तुरंत निकटवर्ती पुलिस व सुरक्षा बल के जवानों को सूचना दें। संवाद
------------
पुलिस, सेना व सीआरपीएफ मिल कर तलाशी अभियान चला रही है। गणतंत्र दिवस पर घुसपैठ को लेकर सुरक्षा बल काफी सतर्क है। बीएसएफ जवानों के साथ बॉर्डर पुलिस चौकियों के जवान भी सतर्क हैं। शनिवार को देविका, बंसतर नदी के साथ अन्य क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया है। सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों को भी जागरूक किया गया है।
-गारू राम भारद्वाज, डिप्टी एसपी, पुलिस आपरेशन, सांबा।