अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा बलों ने किया मॉक ड्रिल
- फोटो : बसित जरगर
अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू संभाग में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त हैं। रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा को पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में सुरक्षा इंतजाम परखने के लिए बाड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन पर मॉक ड्रिल हुई। इसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, सेना, अर्द्धसैनिक बलों और अन्य एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी रही।
बाड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन संवेदनशील श्रेणी में आता है। सुरक्षा एजेंसी ने करीब 45 मिनट तक मॉक ड्रिल कर अपनी तैयारी को परखा। आपात स्थिति के दौरान कैसे समन्वय से प्रतिक्रिया दी जाए इसको भी जांचा।अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर यह मॉक ड्रिल अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रही है। इस दौरान बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की टीमों ने प्लेटफार्म व स्टेशन परिसर को खंगाला। स्टेशन के साथ लगते भवनों और रेलवे गोदाम में सुरक्षा जांच की।
मॉक ड्रिल में बम धमाके, हमले या भगदड़ जैसी आपात स्थितियों से निपटने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। सभी यूनिट्स ने समयबद्ध प्रतिक्रिया और समन्वित प्रयासों के जरिए एक कुशल सुरक्षा रणनीति का प्रदर्शन किया।एसडीपीओ रेलवे जम्मू की निगरानी में यह मॉक ड्रिल की गई। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह के अभ्यास यात्रियों को सुरक्षित वातावरण देने के साथ-साथ एजेंसियों को व्यावहारिक चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। ड्रिल पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।