जम्मू के रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर सीसीटीवी लगाने की कवायद शुरू होगी। स्टेशन पर अच्छी क्वालिटी वाले 56 के करीब नए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। रेल टैल कंपनी की ओर से ये सीसीटीवी लगाए जाने हैं। फिरोजपुर डिवीजन के दस रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिसमें जम्मू और उधमपुर स्टेशन भी शामिल हैं।
शहर के रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में लगे सीसीटीवी कैमरे पुरानी गुणवत्ता के है, जिसे स्टेशन की पर्याप्त निगरानी नहीं हो पाती है। जीआरपी व आरपीएफ ने भी नए सीसीटीवी लगने के लिए फिरोजपुर डिवीजन को पत्र लिखा था।
सुरक्षा के हिसाब से शहर का रेलवे स्टेशन काफी संवेदनशील माना जाता है। स्टेशन पर प्रतिदिन पांच हजार के करीब यात्रियों का आना-जाना रहता है। ऐसे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए अतिरिक्त निगरानी की आवश्यकता रहती है। स्टेशन प्लेटफार्म पर वर्तमान में लगे सीसीटीवी कैमरे में नाइट विजन नहीं है। इसके कारण रात के समय यह कैमरे उपयोगी साबित नहीं होते है।
रेल टैल के एक अधिकारी ने बताया कि रेल टैल देश भर के रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रहा है। इसमें ए-1 कैटेगरी के रेलवे स्टेशन, जिसमें जम्मू रेलवे स्टेशन भी है। हालांकि रेलवे ने अभी स्टेशन पर सीसीटीवी लगाने की मंजूरी नहीं दी है, लेकिन उम्मीद है जल्द कैमरे लग जाएंगे। स्टेशन पर 56 के करीब सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं।
उधमपुर में लगेंगे 30 सीसीटीवी कैमरे
उधमपुर रेलवे स्टेशन पर 30 के करीब सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। सीसीटीवी लगाने को लेकर काम दो सप्ताह में शुरू हो जाएगा। वर्तमान में सीसीटीवी कैमरे लगाने का सामान उधमपुर में पहुंच गया है। रैल टैल की ओर से यह सीसीटीवी कैमरे लगाएं जाएंगे।