जम्मू में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के चलते सोमवार को राजभवन समेत पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। सीएम आवास भी पैनी नजर में है। सरकार गठन को लेकर रविवार को शहर में दिनभर गहमागहमी रही। शहर में वीआईपी मूवमेंट रही।
पुलिस के आला अधिकारी खुद समारोह स्थल के बाहर मौजूद रहकर सुरक्षा को देखेंगे। राजभवन से लेकर पीर मिठ्ठा तक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी। रेड कार्ड वाले लोग रेडियो स्टेशन से राजभवन में प्रवेश करेंगे और अपने वाहन राजभवन के पास खड़े करेंगे।
हरे रंग के कार्ड वाले मांडा पार्क के गेट की तरफ से प्रवेश करेंगे और रायल रिट्रीट हाल के पास वाहन पार्क करेंगे। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है।
रेडियो स्टेशन पंजतीर्थी से सिद्धड़ा तक ट्रकों, ट्राला, ट्रैक्टर सहित अन्य भारी वाहनों पर रोक रहेगी। अंबफला आने वाली मिनी बसें परेड और रिहाड़ी चुंगी से होकर चलेंगी। सुबह दस बजे से शपथ ग्रहण समारोह तक यह पाबंदी रहेगी।