आतंकियों के नए ट्रेंड से सुरक्षा एजेंसियां सकते में
- फोटो : डेमो फोटो
घाटी में बैंक लूट की आतंकियों के नए ट्रेंड से सुरक्षा एजेंसियां सकते में हैं। नब्बे के दशक में जब आतंकवाद चरम पर था तब भी आतंकियों ने कभी लूट की घटनाओं को अंजाम नहीं दिया था। न तो कभी कोई बैंक और न ही किसी दुकान को लूटा गया था।
अब मोदी सरकार की नोटबंदी की घोषणा के बाद बैंक लूट तथा लूट के प्रयास की पांच घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। माना जा रहा है कि बड़े नोट बंद होने के बाद से पैसे की तंगी झेल रहे आतंकियों ने बैंक लूट की साजिश रची है।
आठ नवंबर को नोटबंदी के बाद से बडगाम जिले के चरारे शरीफ, बीरवाह तथा पुलवामा में हथियारबंद आतंकियों ने बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया। श्रीनगर तथा बाहरी इलाके में दो बैंकों में लूट की कोशिश की गई थी, लेकिन आतंकी सफल नहीं हो सके। चरारे शरीफ में लूट की घटना में लश्कर के चार ओजीडब्ल्यू को गिरफ्तार कर घटना का पुलिस ने पर्दाफाश करने का दावा किया था।
नोटबंदी के बाद हुई है पैसों की कमी
आतंकियों के पास हुई पैसे की कमी
- फोटो : डेमो फोटो
कहा जा रहा है कि नोटबंदी के बाद हवाला तथा नकली नोटों पर बंदिश लगने से आतंकी तंजीमों के पास पैसे की कमी हो गई है। ऐसे में अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए अब उन्हें बैंक लूटने की हिदायत दी गई है। पिछले एक महीने के दौरान आतंकियों के लूट के नए ट्रेंड ने सुरक्षा एजेंसियों को सोचने पर विवश कर दिया है।
माना जा रहा है कि यह बेहद खतरनाक ट्रेंड है। यदि आतंकियों ने लूट की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया तो फिर बैंक तथा अन्य स्थानों पर इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए काफी मशक्कत उठानी पड़ेगी।
कश्मीर जोन के आईजी एसजेएम गिलानी का कहना है कि बैंकों की सुरक्षा की नए सिरे से समीक्षा होगी। सुरक्षा में कमियों को इंगित करते हुए उसे दुरुस्त किया जाएगा। बैंकों के बाहर सुरक्षा घेरा और सख्त किया जाएगा ताकि इस प्रकार की किसी भी घटना को अंजाम न दिया जा सके।
सादी वर्दी में तैनात होंगे सुरक्षा कर्मी
तैनात होंगे सुरक्षा कर्मी
- फोटो : demo pics
आतंकियों की लूट की साजिश को नाकाम बनाने के लिए बैंकों तथा आस पास के इलाकों में गश्त बढ़ाई जाएगी। बैंकों के बाहर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
वे ऐसी किसी भी गतिविधि की तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना तंत्र को मजबूत कर आतंकियों के मंसूबे को नाकाम करने की तैयारी है।