वार्षिक पवित्र अमरनाथ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। यात्रा में बढ़-चढ़ कर बाबा के भक्त पावन हिम शिवलिंग के साक्षात दर्शन करने पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को दूसरे दिन 9920 श्रद्धाधालुओं ने पवित्र गुफा में प्राकृतिक रूप से बने हिम शिवलिंग के दर्शन किए। देश भर की कठिन यात्राओं में गिने जाने वाली बाबा बर्फानी की श्री अमरनाथ जी यात्रा पर आने वाले भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और उनके मन में एक ही इच्छा है, वह है बाबा बर्फानी के साक्षात दर्शन करने की।
इसके चलते हजारों की संख्या में भक्त पहलगाम और बालटाल में स्थित आधार शिविरों में पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को बाबा बर्फानी के दर्शनों पर जाने वाला दूसरा जत्था पहलगाम और बालटाल के आधार शिविरों से पवित्र गुफा की ओर रवाना हुआ। दूसरे जत्थे में कुल 13209 श्रद्धालु शामिल रहे। पहलगाम के नुनवन आधार शिविर से पैदल यात्रा करने वाले कुल 5198 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए जिनमें 4279 पुरुष, 774 महिलाएं और 145 साधू थे जबकि चॉपर सुविधा से कु ल 401 श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर बढे़।
बालटाल आधार शिविर से पवित्र गुफा की ओर पैदल यात्रा पर जाने वालों की संख्या 6204 थी जिनमें 4879 पुरुष, 1221 महिलाएं, 64 बच्चे और 40 साधू थे जबकि 1406 श्रद्धालु चॉपर सेवा के जरिये पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। गौरतलब है कि शुक्रवार को दूसरे दिन 9920 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन किए और दो दिनों के भीतर पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करने वालों का आंकड़ा 18321 पहुंच चुका है।