भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हीरानगर सेक्टर में शुक्रवार सुबह संदिग्ध देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गई। हीरानगर से सटे सन्याल गांव के नजदीक एक महिला द्वारा आटो में सवार सेना की वर्दी में तीन से चार लोगों को देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सन्याल गांव की एक स्थानीय महिला ने सुबह साढ़े सात बजे सन्याल से सन्याल मोड़ के बीच जा रहे आटो में सेना की वर्दी में बैठे कुछ लोगों को देखा।
उसने इसकी सूचना गांव वालों को दी गई। उसके बाद पुलिस हरकत में आई और इलाके में नाकेबंदी कर पूछताछ और तलाशी शुरू कर दी गई। एसडीपीओ बार्डर रवेल चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सन्याल की महिला ने अपने घर से पचास गज की दूरी पर जा रहे एक लोड कैरियर आटो में कुछ सेना की वर्दी में लोगों के जाने की सूचना दी थी।
उसके बाद जानकारी मिलते ही वो खुद और इंचार्ज हीरानगर थाना प्रभारी टीम सहित मौके पर पहुंच गए। इस बीच एंटी फिदायीन दस्ते और एसओजी को भी सतर्क कर दिया गया। सीमा से आने वाले मार्गों को सील कर नाकेबंदी में हर आने जाने वाले की गहन जांच शुरू कर दी गई।
उन्होंने बताया कि महिला ने जिस रंग के आटो में संदिग्ध लोगों के जाने की बात बताई है अन्य लोगों से पूछताछ में पता चला है कि उसमें कुछ महिलाएं ही बैठकर गई थीं। हालांकि पुलिस ने पूरे इलाके को खंगाला है, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा है। उधर, सीमा से आने वाले इलाकों में पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क करते हुए रात के समय भी गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं।