कश्मीर को जोड़ने वाले 434 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया है। कारगिल और लद्दाख के लिए सब्जियों, फलों, पेट्रोल, डीजल, राशन सहित अन्य दूसरी जरूरी सामग्री को सड़क मार्ग से भेजा गया है। जोजिला में 30-40 फुट तक भारी बर्फ गिरने से यह मार्ग पिछले चार माह से बंद था। वहीं इस मार्ग के खुलने से लेह जाने वाले पर्यटक भी काफी खुश हैं।
इस हाईवे को ले. जनरल जेएस संधु, जनरल अफसर कमांडिंग श्रीनगर 15 कार्प्स और ले. जनरल पीजेएस पन्नु जीओसी लेह 14 कार्प्स, जोजिला ने संयुक्त रूप से खोला। ले. जनरल संधु ने बताया कि बार्डर रोड आर्गनाइजेशन को हाईवे खोलने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसमें प्रोजेक्ट बीकन और प्रोजेक्ट विजयक की टीम ने एक माह तक दिन-रात काम किया। यह हाईवे भारी बर्फबारी से हर साल 5-6 माह बंद रहता है।
मंडलायुक्त कश्मीर के अनुसार 13 मई को श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमेरी सड़क मार्ग को एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। ट्रैफिक मूवमेंट में द्रास की ओर से तड़के 3 से सुबह 9 बजे तक एकतरफा वाहनों को छोड़ा जाएगा। द्रास की तरफ से सोनमर्ग पर आखिरी वाहन क्रास होने के बाद द्रास के लिए सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक वाहनों को भेजा जाएगा।