अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन को शाम करीब सात बजे भारतीय सीमा में उड़ते हुए देखा गया। इसके बाद बॉर्डर आउटपोस्ट चकरोई और जुगनूचक के अधीन आने वाले इलाकों में बीएसएफ की टीमें सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। इसी बीच, सुरक्षा कारणों से जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में जिला प्रशासन ने ड्रोन, यूएवी और अन्य हवाई उपकरणों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया है।
गौरतलब है कि 16 सितंबर को भी बीएसएफ ने सीमा पार से संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद बुधवार बॉर्डर आउटपोस्ट क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान जवानों को बाड़ के पास से एके-47 राइफल और एक मैगजीन बरामद हुई थी।
पाकिस्तान ने सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को नौगाम सेक्टर के लीपा घाटी में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलीबारी में अभी किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। इस बारे में हालांकि कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।