जम्मू। अमरनाथ यात्रा के बीच शहर के गुज्जर नगर और प्रेम नगर इलाके में संदिग्धों की सूचना पर पुलिस और एसओजी की ओर से व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। एसपी नार्थ के नेतृत्व में जवानों ने एक घंटे तक चप्पे-चप्पे को खंगालने के साथ ही लोगों से पूछताछ भी की है। हालांकि इस दौरान कुछ नहीं मिला है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को गुज्जर नगर और प्रेम नगर में संदिग्ध लोगों के दिखाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। एसपी नार्थ के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी के जवान मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। जवानों ने गुज्जर नगर और प्रेम नगर में अभियान चलाते हुए घरों और हर संभावित स्थान को खंगालते हुए सुरक्षा को पुख्ता किया। एसपी कुलवीर हांडा, एसडीपीओ शरद कालू और एसएचओ कीर्ती शर्मा भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। कई लोगों की जांच करने के साथ ही पूछताछ की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक घंटे की कार्रवाई के बाद कुछ नहीं मिला है।
गौरतलब रहे कि शहर में अमरनाथ यात्रा को लेकर रेड अलर्ट किया गया है। कुछ लोग यात्रा को लगातार बाधित करने की साजिश रच रहे हैं। इस कारण पुलिस किसी भी सूचना को हल्के में नहीं ले रही। शहर में जगह-जगह अर्धसैनिक बलों के साथ ही पुलिस तैनाती की गई है। इस मामले में एसपी कुलवीर हांडा ने बताया कि यह रूटीन जांच थी।