अखनूर के मणानी क्षेत्र के बड़ादा पैल इलाके से 26 अगस्त से लापता महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौडि़यां। अखनूर के मणानी क्षेत्र के बड़ादा पैल इलाके से 26 अगस्त से लापता महिला शारदा देवी, निवासी खौड़ कैंप की तलाश के लिए पुलिस और सेना ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। महिला के अब तक पता नहीं चलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शारदा देवी की गुमशुदगी के संबंध में पुलिस स्टेशन अखनूर में केस दर्ज किया गया है। लगातार प्रयासों के बावजूद अभी तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। महिला के भाई सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में फैला घना जंगल कई किलोमीटर तक है, जिसके कारण तलाशी अभियान में पुलिस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, तलाशी अभियान में ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
एसडीपीओ भरत शर्मा ने बताया कि महिला को तलाशने के लिए हर संभव मानवीय प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान लगातार जारी है और महिला का पता लगाने के लिए सेना तथा ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। पुलिस स्टेशन अखनूर की तरफ से दो दिनों से मावा ब्राह्मणा क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है। इस अभियान में वीडीजी के सदस्यों को भी पुलिस टीम की सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।
तलाशी अभियान के लिए पुलिस ने अधिकारियों और जवानों की विशेष टीम तैनात की है। अखनूर पुलिस के जवान लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसके अलावा पुलिस स्टेशन खौड़, घरोटा, पुलिस पोस्ट ज्योड़ियां और चौकी चौरा से भी पुलिसकर्मी सर्च ऑपरेशन में शामिल है। पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा जंगल के दुर्गम इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। ड्रोन के जरिए भी ऐसे स्थानों की निगरानी की जा रही है, जहां पैदल पहुंचना मुश्किल है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को शारदा देवी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।