राजोरी जिले के ढांगरी में एक और दो जनवरी को हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया सर्च ऑपरेशन राजोरी के बाद अब किश्तवाड़ और डोडा जिले में भी चलाया जा रहा है। दहशतगर्दों की तलाश में सेना और पुलिस की टीमें इन जिलों के गांवों का चप्पा-चप्पा खंगाल रही हैं।
बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान चल रहा है। ढांगरी के हमलावरों की तलाश जारी है। सरकार द्वारा भेजे गए सीआरपीएफ के अतिरिक्त जवानों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। सीआई ऑपरेशन के लिए तैनात हैं। जल्द ही ढांगरी सामूहिक हत्याकांड में शामिल आतंकवादियों को और इनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। & मोहम्मद असलम, एसएसपी, राजोरी
ढांगरी हमले और गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रविवार को किश्तवाड़ में सेना ने आतंकी मददगारों और अन्य लोगों के घरों को खंगाला। आतंकियों के छिपे होने की आशंका पर यह तलाशी अभियान चलाया गया। जिले में चप्पे-चप्पे पर सेना के जवान तैनात हैं।
हर नाके पर सुरक्षा बल आतंक के खिलाफ अभियान चलाने में जुटे हैं। किश्तवाड़ में जैश के कुछ आतंकी सरगनाओं का यहां से नाता बताया जा रहा है। रविवार सुबह किश्तवाड़ जिले के पुछाल के निचले हिस्से में कई घरों की सेना ने तलाशी ली।
जिला डोडा के ठाठरी इलाके के फख्सू गांव आगिद में आतंकी मददगारों के घरों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आतंकियों के पनाहगारों और उनके सुरक्षित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद आतंक के खिलाफ अभियान ने जोर पकड़ लिया है।