पीओके में भारतीय सेना की सफल सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पैदा हुए तनाव के चलते नियंत्रण रेखा के पास बंद किए गए दर्जनों स्कूल वीरवार को लगातार सातवें दिन भी बंद रहे। जिले के नियंत्रण रेखा के पास के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों को पिछले शुक्रवार को बंद कर दिया गया था। जिला मजिस्ट्रेट ने तनाव के चलते शुक्रवार को सभी स्कूलों को बंद करने के निर्देश दिए थे।
रविवार शाम जिला मजिस्ट्रेट बैठक के दौरान हालात पर समीक्षा कर दो दिन और स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया था। वहीं मंगलवार को बैठक आयोजित कर स्कूल खोलने पर विचार हुआ, लेकिन संघर्ष विराम के बार-बार उल्लंघन और नियंत्रण रेखा से दर्जनों परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के बाद स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया।
वहीं सीईओ राजोरी अल्ताफ हुसैन ने बताया कि 5 किलोमीटर के दायरे में पाए जाने वाले दर्जनों स्कूलों को बीते कल यानी बुधवार से खोल दिया गया था। दो दर्जनों के करीब ऐसे स्कूल अभी भी हैं जो बंद रखे गए हैं। नियत्रण रेखा के नजदीक कलोज रेंज में आने वाले स्कूलों को बंद रखा गया है।