कश्मीरी घाटी में सर्दियों की करीब तीन महीने की छुट्टियों के बाद स्कूल खुल गए हैं। वहीं, शोपियां में गत रविवार को हुई घटना के बाद पांच दिन और बंद रखने के प्रशासन ने निर्देश दिए थे। श्रीनगर समेत घाटी के सभी जिलों में शनिवार को स्कूली बच्चों के चेहरों पर एक बार फिर मुस्कान खिली दिखाई दी।
करीब तीन महीने की सर्दियों की छुट्टियों के बाद बच्चे अपने कंधों पर बसते लिए स्कूल की ओर रवाना हुए और उनमें अपने दोस्तों से मिलने की एक अलग ही उमंग दिखाई दे रही थी। इन बच्चों का कहना था कि आज वह काफी खुश हैं कि काफी समय के बाद अपने दोस्तों और अध्यापकों से मिलेंगे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि घाटी में हालात ठीक रहेंगे ताकि उनकी पढ़ाई पर कोई असर न पड़े। घाटी में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के चलते सभी प्राइमरी और मिडिल स्कूलों को 3 दिसंबर, जबकि हायर सेकेंडरी स्कूलों को 19 दिसंबर से छुट्टियां कर दीगई थीं।
हायर सेकेंडरी स्कूल 26 फरवरी से खोल दिए गए थे और बाकी के स्कूल 5 मार्च से खोले जाने थे। लेकिन शोपियां में गत रविवार को हुई घटना के बाद प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया था।