डोडा के जिला विकास आयुक्त के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 29 जुलाई को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया। प्रशासन ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किश्तवाड़ जिला प्रशासन ने भी लगातार हो रही भारी बारिश, फिसलन भरी सड़कों और पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया। हालांकि, किश्तवाड़ शहर के मालिपेठ से चेहर क्षेत्र के बीच स्थित स्कूलों को इस आदेश से छूट दी गई है और वे खुले रहेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, चिनाब घाटी के डोडा, किश्तवाड़ और रामबन इलाकों में बुधवार सुबह करीब 5 बजे से मध्यम से भारी बारिश शुरू हुई। मौसम विभाग ने 31 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके बाद प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बारिश के बावजूद यातायात के लिए खुला रहा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।