स्कूल जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक स्कूली बच्ची की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। चार गंभीर घायलों को जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा बिश्नाह के बानेचक गांव के पास हुआ।
पुलिस ने इसे लेकर केस दर्ज कर लिया है। जिला उपायुक्त ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वह मृतक बच्ची के परिवार को दो लाख रुपये का मुआवजा दे।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में स्थित आरकेएस स्कूल के बच्चों को लेकर सुबह स्कूल जा रही बस (जेके 02डी-4540) बानेचक के पास पलट गई। बताया जाता है कि चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। बस पलटने के बाद लगभग 40 फु ट गहरे नाले में जा गिरी।
इससे बच्चों में चीखपुकार मच गई। हादसा होते ही राह चल रहे लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की मदद से स्थानीय लोगों ने सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला, लेकिन इसमें छठी कक्षा की छात्रा खुशबू की मौत हो गई।