सतवारी, निजी स्कूल के बाहर बुधवार को एक बेकाबू स्कूल बस चालक द्वारा तीन वाहनों और साइकिल सवार को टक्कर मारने के मामले में स्कूल बस सीज कर ली गई है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे में पांच विद्यार्थियों समेत छह लोग घायल हुए थे, जिनमें दो छात्राओं को अमृतसर रेफर कर दिया गया था।
हादसे के आरोपी बस चालक राजोरी निवासी इंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि चालक का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के चलते बस उससे अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। सतवारी पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अपराध की धाराओं में परिवर्तन किया जा सकता है।
फिलहाल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच चल रही है। पुलिस का कहना है कि चालक के बयान के मुताबिक उसे दौरा पड़ गया था, जिस कारण उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। इतने में बस आटो के साथ जा टकराई। बताया जा रहा है कि घायलों की हालत में सुधार है। खड़े हुए टूटे वाहनों को कोर्ट ने रिलीज कर दिया है।