पुलिस पब्लिक क्रिकेट प्रीमियर लीग (पीपीसीपीएल) 2015 का आगामी 18 अप्रैल को जीजीएम साइंस कालेज की हास्टल ग्राउंड से आगाज होगा। आईपीएल की तर्ज पर हो रही इस फटाफट ट्वंटी-20 क्रिकेट में दस टीमों में राज्यभर से क्रिकेटर शिरकत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसमें पूर्व और मौजूदा रणजी, अंडर 19, 23 (पूर्व व मौजूदा), विश्वविद्यालय, कालेजों और स्थानीय स्तर से क्रिकेटरों को मौका दिया गया है।
चैंपियनशिप का उद्देश्य युवा क्रिकेटरों को नया प्लेटफार्म देना है। विजेताओं पर लाखों रुपये के इनामों की बरसात होगी। यहां वीरवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए आईजीपी जम्मू दानेश राणा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से करवाई जा रही पीपीसीपीएल में दस टीमों में जम्मू रायल च्वाइस इलेवन, ईशर डेयर डेवियल, चिनाब गैस रायल्स, बनिहाल नाइट राइडर्स, जेकेपी टाइगर, सिमुला सुपर स्टार्स, चिनाब टाइगर भद्रवाह, बीसीसी बुल्स, कश्मीर स्टील वारियर, जम्मू खालसा किंग्स इलेवन शामिल हैं।
चैंपियनशिप से पूर्व जिला स्तर पर सेलेक्शन ट्रायलों में प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की बोली लगाकर उन्हें प्रोफेशनल टीमों में शामिल किया गया। प्रतिदिन दो मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसमें मौसम खराब होने की सूरत में मुकाबला न होने पर दोनों टीमों को दो-दो अंक दिए जाएंगे। हर टीम अपने पूल में चार मुकाबले खेलेगी। आठ टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। रियासत में अपनी तरह की पहली बार करवाई जा रही इस चैंपियनशिप में राज्यभर से क्रिकेटरों को शामिल किया गया है।
इसमें हर टीम में मौजूदा दो रणजी, पूर्व तीन रणजी, अंडर 19, 23 में मौजूदा दो, पूर्व में दो और विश्वविद्यालय, कालेजों और स्थानीय स्तर पर दो क्रिकेटरों को टीमों में जगह दी गई है। प्रोफेशनल टीमों में छह सदस्यों को पहले से शामिल किया गया था। विजेता टीम को लाखों रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर डीआईजी शकील अहमद बेग, राजेश गिल आदि मौजूद रहे।