बिलावर उपमंडल में स्थित सभी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 90 फीसदी तक पहुंच गई है। डिप्टी सीईओ चंद्रमोहन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सभी स्कूलों में विद्यार्थियों की हाजिरी 100 फ़ीसदी तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि आठ फरवरी से उप मंडल में स्थित सभी स्कूलों को खोल दिया जाएगा। स्कूलों का निरीक्षण भी किया जाएगा। अगर कोई भी सरकारी या निजी स्कूल सरकार की ओर से जारी निर्देशों का पालन न करते हुए पाया गया, तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
डिप्टी सीईओ ने कहा कि हाई और हायर सेकेंडरी लेवल के स्कूल को करीब 11 महीने बाद खोले गए है। पहले दो दिन स्कूलों में पहुंचने वाले विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम थी। वीरवार को इन स्कूलों के विद्यार्थियों की संख्या 90 फ़ीसदी हो गई है। अधिकारी ने कहा कि उपमंडल के सभी प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के अध्यापकों को स्कूल खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के अध्यापकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि आठ फरवरी से पहले-पहले सभी स्कूलों की साफ सफाई सुनिश्चित की जाए। स्कूलों को सैनिटइज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापकों को निर्देश जारी किए गए हैं कि कक्षाएं लगाते समय सभी विद्यार्थियों में सामाजिक दूरी बनाए रखने और कक्षाओं में बैठने पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि अध्यापकों के लिए भी पढ़ाने के दौरान मास्क अनिवार्य होगा।