खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले (एफसीएसएंडसीए), परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी और युवा सेवाएं व खेल मंत्री सतीश शर्मा ने पंजाब में कुछ पशु मेला ठेकेदारों द्वारा जम्मू-कश्मीर के पशुधन व्यापारियों को कथित तौर पर परेशान करने और बाधा डालने की शिकायतों का गंभीर संज्ञान लिया है। ऑल कश्मीर होलसेल मटन डीलर्स यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान, मंत्री को निजी ठेकेदारों द्वारा अनधिकृत रूप से पशुधन से लदे वाहनों को जम्मू-कश्मीर के रास्ते में रोकने सहित कथित अवैध गतिविधियों की जानकारी दी गई।
मंत्री को बताया गया कि ऐसी कार्रवाइयों से लंबी देरी, आर्थिक नुकसान और पशुओं के कल्याण को गंभीर खतरा हो रहा है, क्योंकि पशुधन को बिना उचित वेंटिलेशन, भोजन या पानी के लंबी यात्रा करनी पड़ रही है। ये कृत्य न केवल कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि केंद्र शासित प्रदेश के व्यापारियों के लिए गंभीर मानवीय और आर्थिक चिंताएं भी पैदा करते हैं। इस मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए, सतीश शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के व्यापारिक समुदाय के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। संवाद