दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले आतंकियों ने रविवार रात शोपियां में नेकां समर्थित सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। मारे गए सरपंच की पहचान मोहम्मद सुल्तान भट के रूप में की गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार सरपंच मोहम्मद सुल्तान भट (38) नाजनीन पोरा इलाके में रहते थे। वारदात के समय वे अपने वाहन से घर की ओर जा रहे थे। पर घर से कुछ दूरी पर ही घात लगाए बैठे आतंकियों ने उनपर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
हमले के तुरंत बाद भट को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, पर वहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी आतंकी संगठन द्वारा हमले की जिम्मेदारी नहीं ली गई थी।