सांबा जिले का संगबाली गांव प्रदेश का पहला आदर्श गांव बनेगा। क्षेत्र के विकास के साथ-साथ संस्कृति व संस्कार के स्तर पर भी इस गांव का विकास होगा। यह बातें केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने रविवार को संगबाली गांव में आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि यहां के शहीद स्मारक पार्क में सुबह योग कक्षाएं चलेंगी जिसमें क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ छात्र भी आएंगे। योग सीखने के साथ-साथ वह उन शहीदों से प्रेरणा भी लेंगे जिन्होंने अपनी शहादत देकर इस देश की रक्षा की है।
उन्होंने कहा कि कठुआ क्षेत्र में ही श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान लोगों ने शहादत पाई थी और संगबाली भी शहीदों के गांव के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि उन्होंने संगबाली को आदर्श गांव बनाने के लिए चुना।
इससे पूर्व क्षेत्र के सरपंच तरसेम सिंह ने गांव में ट्यूबवेल बनाने की मांग की। राष्ट्रीय राजमार्ग से संगबाली तक की सड़क का चौड़ीकरण कर इस मार्ग का नाम शहीद लेफ्टिनेंट सुशील खजुरिया के नाम रखने की मांग की।
इस अवसर पर हीरानगर विधायक कुलदीप राज, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर जे आर खजुरिया, डीसी सांबा शीतल नंदा, एसएसपी जोगिंद्र सिंह, पूर्व विधायक दुर्गा दास, भाजपा नेता ठाकुर रंजीत सिंह, एडवोकेट विजय कुमार, रछपाल वर्मा, संजीव शर्मा, एडीडीसी विवेक शर्मा, एसीडी, युवा नेता केशव खजुरिया सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
इसके पूर्व रविवार को जैसे ही मंत्री जतवाल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचे तो युवा नेता केशव खजुरिया के नेतृत्व में मोटरसाइकिल रैली के साथ उनका स्वागत किया गया। गांव में पहुंचते ही मंत्री ने गांव के शहीद लेफ्टिनेंट सुशील खजुरिया के स्मारक पर फूल मालाएं चढ़ाईं।