कश्मीर में पाकिस्तानी झंडा लहराने और अलगाववादी नेता गिलानी द्वारा अमरनाथ यात्रा की अवधि को कम करने की बात कहने के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को कसबे में प्रदर्शन किया और गिलानी का पुतला फूंका।
कसबे के सूंगल मोड़ पर बजरंग दल के जोन प्रधान बलकार सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने हुर्रियत नेता गिलानी के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गिलानी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इस मौके पर जोन प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि अलगाववादी नेता गिलानी द्वारा पिछले कई वर्षों से लगातार भारत के खिलाफ जहर उगला जा रहा है।
इसलिए ऐसे नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे जेल में डाल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब गिलानी ने अमरनाथ यात्रा की अवधि घटाने का जो बयान दिया है, वह हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
इस अवसर पर जिला संयोजक प्रदीप सिंह, विक्की सिंह, बिट्टू शर्मा, सुरेश शर्मा, विनय सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।