अगस्त-सितंबर में 170 ग्राम चिट्टा व 68 किलो भुक्की पोस्त चूरा बरामद, नशा मुक्त अभियान के तहत कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जम्मू-कश्मीर में चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत सांबा पुलिस को पिछले दो महीनों में उल्लेखनीय सफलता मिली है। अगस्त और सितंबर माह के दौरान पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में 24 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने करीब 170 ग्राम चिट्टा हेरोइन तथा 68 किलोग्राम भुक्की पोस्त चूरा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के चलते जिले में नशा तस्करों पर शिकंजा कसता जा रहा है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी और नाकों के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
सांबा पुलिस का कहना है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।