सांबा/रामगढ़। सीमावर्ती क्षेत्र में शनिवार को डीसी अनुराधा गुप्ता ने दौरा कर जनसमस्याएं जानीं। उन्होंने अबताल, जसोचक, चक नाजर, दग छनी फतवाल, चक छटाका, चक बालोतरा और रामगढ़ पंचायत में आपकी जमीन, आपकी निगरानी कार्यक्रम की शुरूआत की। पंचायत चक छटाका और खौड़ सलालिया में जनता दरबार लगाया। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, किसानों और युवाओं ने अपनी समस्याएं बताईं।
बीडीसी चेयरमैन सहित पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि नौ नंबर नहर में बीते 15 साल से पानी नहीं आ रहा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा। नहरी विभाग हर साल लाखों रुपये खर्च करता है, लेकिन नहर की सफाई नहीं हो पाती। अनुराधा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि जल्द समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित पड़े विकास कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को आपकी जमीन, आपकी निगरानी पोर्टल के बारे में जागरूक करने के लिए कहा। सात दिसंबर से रामगढ़ तहसील में शिविर लगाया जा रहा है, जिन लोगों की फाइलें पूरी नहीं हुई हैं, वे कैंप में आकर इनका काम करवा सकते हैं।
डीडीसी चेयरमैन केशव दत शर्मा ने कहा कि की नौ नंबर नहर से जल्द किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। केसों में बनी मंडी को भी जल्द खोला जाएगा, ताकि किसान अपनी फसलें यहां बेच सकें। मौके पर एसडीएम विजयपुर विनय कुमार शर्मा, तहसीलदार रामगढ़ फारूक हुसैन, बीडियो रामगढ़ मोहिंदर सिंह, बीएमओ रामगढ़ डॉ. लखविंदर सिंह, सीएमओ सांबा संजय, एसीडी सांबा सिद्धार्थ, सरपंच आशा कुमारी पंच बिल्लू चौधरी, सरपंच नरेंदर कौर, सरपंच तीर्थ कुमार, सरपंच रूप चौधरी, सरपंच कर्नेल सिंह, सरपंच राज कुमारी, पंच मोहन सिंह भट्टी, सरपंच जगदीश सिंह भट्टी, भाजपा नेता बूटी राम, सरदार बिंदर सिंह,पंच भगवान चौधरी भी मौजूद रहे और अपनी समस्याएं बताईं।
------
विस्थापितों ने बताई फाइलें अधूरी होने की समस्या
डीसी ने सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में पहुंच कर वैक्सीन लगाने के काम की जानकारी ली। हीराचक में विकास कार्यों का जायजा लिया। मालशा में सिंचाई नहर को जांचा। मिडल स्कूल खौड़ सलारियां में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बिजली, पानी के साथ विकास न होने की समस्या बताई। भारत-पाकिस्तान युद्ध में विस्थापित हुए परिवारों ने उनकी फाइलें मुकम्मल न होने की शिकायत की। डीसी ने जल्द उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। कहा कि इसके लिए एडीसी सूरम चंद शर्मा की निगरानी में कमेटी का गठन किया है। कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंचकर फाइलों में खामियों को दूर रहे हैं।
------
पोर्टल से जमीन का ऑनलाइन
रिकॉर्ड ले सकते हैं किसान
परगवाल। पिंडी पंचायत के गांव राजपुरा और पंचायत सरकार के गांव गवाढ में शनिवार को दो विशेष ग्राम सभाएं करवाई गईं। इनमें ग्रामीणों को आपकी जमीन, आपकी निगरानी भूमि सुचना प्रणाली के बारे में जागरूक किया गया। गांव राजपुरा में नायब तहसीलदार विजय शर्मा और गवाढ में नायब तहसीलदार संसार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ग्रामीणों को बताया गया कि आप की जमीन, आपकी निगरानी पोर्टल का उद्देश्य भूमि अभिलेखों के प्रबंधन का आधुनिकीकरण करना, भूमि अभिलेख रखरखाव प्रणाली में पारदर्शिता लाना, भूमि एवं संपत्ति के विवादों के दायरे को कम करना और लोगों को प्रमाणिक भूमि अभिलेखों तक आसान के साथ जमीन का सारा रिकॉर्ड ऑनलाइन पहुंचाना है। इससे लोगों को अपनी जमीन के कागजात के लिए तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सारा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। मौके पर सरपंच ओम प्रकाश भी मौजूद रहे। संवाद
----
पंचायत हल्का अल्ला में
ग्रामीणों को किया जागरूक
अरनिया। पंचायत हल्का अला में राजस्व विभाग ने शनिवार को शिविर लगाकर आपकी जमीन, आपकी निगरानी पोर्टल के बारे में किसानों को जागरूक किया। नायब तहसीलदार प्रीति पाल शर्मा ने किसानों को बताया कि अपनी जमीन की जानकारी के लिए तहसील कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब पूरी जमीन को डिजिटल किया गया है, किसान उक्त पोर्टल से अपनी जमीन का खसरा नंबर, जमीन कितनी है और अन्य जानकारी एक क्लिक से पता कर सकते हैं। संवाद