देशभक्ति के सुरों से गूंजा परिसर
दिखाई एकता, अनुशासन और देशप्रेम की भावना
सांबा। भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सरकारी डिग्री कॉलेज में सामूहिक गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देशभक्ति के गीतों से पूरे परिसर को गूंजा दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद विभिन्न समूहों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने अपने मधुर सुरों, देशभक्ति और प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं बल्कि भारत की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में देश प्रेम, अनुशासन और सामूहिकता की भावना को सशक्त करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजयी टीमों को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कॉलेज प्रबंधन और संकाय सदस्यों ने छात्रों के उत्साह और देशभक्ति की भावना की सराहना की।