छुट्टी का दिन होने के चलते लगी रहीं कतारें
मां के दर्शन करने में लगा एक से डेढ़ घंटा
करीब 20 हजार भक्तों ने प्राप्त किया मां का आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कस्बे के बसंतर दरिया के तट पर स्थित चीची माता मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की काफी भी रही। छुट्टी का दिन होने के चलते नवरात्र पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दिनभर मंदिर महामाई के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर के मुख्य पुजारी बंसी लाल के अनुसार कि रविवार को करीब बीस हजार से अधिक भक्तों ने मां के दर्शन किए हैं।
रविवार को श्रद्वालुओं का तांता लगा रहा। अपनी बारी के इंतजार में घंटों उन्हें कतारों में खड़े रहना पडा। सीमावर्ती गांव चचवाल से आई महिला रत्नो ने बताया कि नवरात्र में व्रत रखे हैं। सुबह करीब एक घंटा तक कतार में खड़े रहना पड़ा है। जख निवासी युवती स्वाति ने बताया कि नवरात्र पर व्रत रखे हैं। रोजाना महामाई के दरबार में हाजिरी लगाती हूं। रविवार को मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ थी, जिस कारण दर्शन करने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मंदिर में पहुंच कर सुविधाओं का जायजा लिया। श्रद्धालुओं के लिए स्टाल लगाए गए थे। लंगर का भी विशेष प्रबंध किया गया है।