घरों में किया गया कंजक पूजन, कन्याओं को दिए उपहार
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा/मीरां साहिब
उपजिले में रविवार को दुर्गा अष्टमी धूमधाम से मनाई गई। भक्तों ने मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा की। घरों में कन्या पूजन कर हलवा-पूरी, खीर-छोले का प्रसाद खिलाकर उपहार दिए।
गीता भवन, शीतला माता मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, गीता भवन मंदिर, शिव मंदिर में सुबह ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ गया। रामेश्वरधाम के स्वामी प्रकाशानंद ने मंदिर परिसर में कंजक पूजन किया। नवरात्र पर्व का महत्व बताया। बताया कि सोमवार को नवमी पर मंदिर में हवन यज्ञ कर भंडारा लगाया जाएगा। वहीं, मीरा साहिब में इंदिरा नगर के दुर्गा माता मंदिर, कृष्णा नगर के दुर्गा मंदिर, मीरा साहिब में हनुमान मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर में भक्तजनों ने मां की महिमा का गुणगान किया। कई स्थानों पर हलवा-पूरी, खीर, छोले का प्रसाद बांटा गया। मंदिर के पुजारी गरीश चंद ने कहा कि सच्चे मन से अराधना से मां सदैव कृपा बनाए रखती हैं।