कश्मीर में सज्जाद लोन का कद बढ़ाने की कार्य योजना पर भाजपा काम करेगी। अलगाववाद से मुख्यधारा की राजनीति में आकर भाजपा के कोटे से रियासत में दस महीने कबीना मंत्री रहे सज्जाद लोन के सहारे भाजपा कश्मीर में अगले विधानसभा चुनाव में मिशन 44 प्लस के सपने को साकार करना चाहती है।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साल 2014 के विधानसभा चुनाव में कश्मीर घाटी से भाजपा को तमाम कोशिशों के बावजूद भी एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं हुई।
भाजपा की सहयोगी पार्टी पीपुल्स कांफ्रेंस को दो विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाबी मिली थी। सज्जाद लोन ने हंदवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेता और मंत्री रहे चौधरी मोहम्मद रमजान को हराया, जबकि कुपवाड़ा से भी पीपुल्स कांफ्रेंस के बशीर अहमद डार ने जीत हासिल की।