अयोध्या से श्री रामलला के दर्शन कर जम्मू लौटीं कुपवाड़ा जिले की सादिका खान का वीरवार को श्री अमरनाथ जी यात्रा वेलफेयर सोसायटी (पंजीकृत) ने भव्य स्वागत किया। सादिका खान ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि उनकी यह धार्मिक यात्रा अचानक बनीं और वह दर्शन के लिए निकल पड़ीं। सादिका कहती हैं कि उनकी सभी धर्मों में आस्था है। सबसे बड़ी चीज भाईचारा है। कोई धर्म नफरत करना नहीं सिखाता। सभी को एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह 10 साल से लंगर लगाती आ रही हैं।
रक्तदान करना, जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी पसंद है। कुछ असामाजिक तत्वों की ओर से मिल रही धमकी और नकारात्मक बातों पर सादिका कहती हैं कि अनजान नंबर से कॉल कर मुझे जान से मारने की धमकी मिलती है, लेकिन मुझे डर नहीं लगता। ऐसे लोग समाज में शांति, एकता को भंग करने का प्रयास करते हैं। सादिका कहती हैं कि उन्हें मौका मिला तो वह अयोध्या में भी लंगर लगाएंगी। इस मौके पर श्री अमरनाथ जी यात्रा वेलफेयर सोसायटी (पंजीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष अक्षित महाजन, राष्ट्रीय महामंत्री राजू चंदेल और अन्य मौजूद रहे।