जम्मू कश्मीर विधान परिषद में शुक्रवार को कांग्रेस सदस्य नरेश कुमार गुप्ता ने सोलर लाइटों के वितरण पर पूछे सवाल पर सरकारी जवाब से नाराज होकर आरोप लगाया कि वितरण में हेरफेर को छिपाया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच को जांच के लिए सौंपा जाए।
जवाब में विज्ञान एवं तकनीकी मंत्री सज्जाद गनी लोन ने कहा कि सोलर लाइटें पूर्ववर्ती नेशनल कांफ्रेंस कांग्रेस गठबंधन सरकार के समय मंगवाई गईं। इसके पीछे मंशा थी कि चुनाव के समय लोगों में यह बांटकर वोट हासिल किए जाएं, लेकिन लाइटें मिलने में विलंब हुआ और यहां चुनाव आचार संहिता लागू हो गई।
अब यह कहते हैं कि लाइटें बांटने में हमारी मर्जी चलेगी। यह कैसे संभव है। वितरण में जिला उपायुक्तों को शामिल किया गया है। मंत्री के जवाब से रोष जताते हुए कांग्रेस व नेकां सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया।