बिलावर उपमंडल के ट्रांसपोर्टरों ने सरकार से आरटीओ कठुआ के रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग की है। महेंद्र कुमार ने बताया कि 1 महीना पूर्व आरटीओ कठुआ का किसी अन्य जगह पर तबादला किया गया था, जिसके बाद से संबंधित काम रुके हुए हैं। दिलीप सिंह ने बताया कि उनके वाहन की रजिस्ट्रेशन का समय खत्म हो गया है, जिसे वह आगे बढ़ाना चाहते हैं। लेकिन आरटीओ का पद रिक्त होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सुधीर कुमार ने बताया कि उनके वाहन की फिटनेस की अवधि पूरी हो गई है। लेकिन जब आरटीओ कार्यालय जाते हैं, तो उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। चार बार आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं। लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द आरटीओ के पद को भरा जाए या कार्यालय में तैनात एआरटीओ को आरटीओ के अधिकार दिए जाएं, जिससे ट्रांसपोर्टरों को लंबित दस्तावेजों की अवधि बढ़ाने के लिए परेशानियों का सामना ना करना पड़े। ट्रांसपोर्टरों ने उपराज्यपाल से संज्ञान लेने की मांग की है।