अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर के एक वकील ने आरटीआई के तहत आवेदन दायर कर गुजरात के कथित ठग किरण पटेल भाई के आवास, परिवहन और अन्य खर्चों पर वहन राशि का विवरण मांगा है। वकील आमिर मसूदी ने डिवीजन कमिश्नर कश्मीर से संबंधित विभाग की भी जानकारी मांगी है। इस बीच रामबाग के स्थानीय निवासी ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कोठी बाग थाने के एसएचओ को निर्देश देने की मांग की गई है कि पटेल के खिलाफ एक कंपनी में शेयर के रूप में 18 लाख की धोखाधड़ी करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की जाए। शिकायत के अनुसार पटेल ने अपना नाम उत्तर-पश्चिम दिल्ली का बेगमपुर का चेतन प्रकाश बताया और खुद को सुपारी का कारोबार करने वाली विशेष कंपनी में प्रबंध भागीदार के रूप में पेश किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसने अलग-अलग किस्तों में 18 लाख का भुगतान किया।
सरकार ने बुधवार को किरण पटेल की यात्राओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समयबद्ध जांच का आदेश दिया था। आरोपी ने गिरफ्तारी से पहले काफी समय तक जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा प्रतिष्ठान को पीएमओ का अधिकारी होने का विश्वास दिलाया और फाइव स्टार प्रोटोकॉल का आनंद लिया। पटेल कश्मीर घाटी के अपने तीसरे दौरे पर थे, जब दो मार्च को सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें निशात इलाके में पांच सितारा होटल से पकड़ा। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार पटेल ने प्रथम दृष्टया जाली और कुछ विजिटिंग कार्ड सहित दस्तावेज बनाए जिसके आधार पर उसने न केवल एक व्यक्ति या समूह को धोखा दिया बल्कि नागरिक प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों सहित उच्च वर्ग से भी जालसाजी की