गाँव दिओली की मुख्य सड़क पर बने गड्ढे बन रहे हादसों का कारण।
- फोटो : RSPURA
बिश्नाह। क्षेत्र के गांव दिओली में ग्रामीणों ने पूर्व सरपंच यशपाल शर्मा के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए कहा कि गांव दिओली की सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। सड़क पर पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से गड्डों में पानी भरने के कारण लोगों को बड़ी परेशानी हो रही है। अक्सर सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। कई तो गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं।
पीडब्ल्यूडी को कई बार इस बारे में सूचित करने पर भी अभी तक सड़क पर बने इन गड्ढों को भरने के लिए विभाग द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया है। इससे जाहिर होता है कि पीडब्ल्यूडी की नियत जनता से संबंधित समस्याओं को हल कराने की नहीं है। इसलिए आज हम सभी ग्रामीण इकट्ठे होकर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से गुहार करते हैं कि इससे पहले इन गड्ढों में गिरकर किसी की मौत हो इन गड्ढों को भरवा दिया जाना चाहिए।
इस बारे में पीडब्ल्यूडी के अधिकारी राजन गुप्ता का कहना है कि इन गड्ढों के बारे में हमें सूचना मिली है, वह जनता को आश्वासन देते हैं कि अगले एक दो दिन के अंदर ही इन गड्ढों को भरवा दिया जाएगा।