बिलावर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित हुई बिलावर-सुकराला सड़क की खस्ताहाल के खिलाफ सोमवार को लोग सड़क पर उतर आए। किशनपुर और आसपास के कई गांव के लोगों ने बिलावर-सुकराला सड़क को कटली मोड के पास यातायात के लिए बंद कर दिया। इस दौरान लोगों ने प्रशासन व निर्माण एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिलावर-सुकराला मार्ग की हालत काफी खस्ता हो गई है। लोगों को वाहनों में तो दूर पैदल सफर करना भी मुश्किल हो गया है। हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में शामिल भानु प्रताप, शुभम सिंह, जयवर्धन सिंह और देवेंद्र शर्मा ने बताया कि कई बार सड़क की मरम्मत की मांग कर चुके हैं, लेकिन हर बार टालमटोल की गई, जिसके बाद लोग प्रदर्शन के लिए मजबूर हुए हैं। एडीसी बिलावर और तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने डेढ़ घंटे तक जमकर प्रदर्शन किया और वाहनों की आवाजाही को बाधित रखा। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनाें की कतारें लग गईं।
सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई, जिसने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द सड़क को ठीक करवा दिया जाएगा। इसके बाद लोगों ने अपने प्रर्शन को बंद कर दिया। इसके साथ ही लोगों ने चेताया कि अगर सड़क की जल्द मरम्मत नहीं की गई तो मजबूर होकर लोगों को फिर से सड़क पर उतरना पड़ेगा।
धार रोड़ की करवाई जाए मरम्मत
रामकोट। रामकोट तहसील के धार रोड़ के रीगड़ी मोड पर पिछले एक साल से गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों को मोड़ पर एकाएक ब्रेक लगानी पड़ती, जिससे कई हादसे भी हो चुके हैं। सरपंच पूरण चंद ने बताया कि धार सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इसके कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी इसी रोड़ से गुजरते हैं, लेकिन उनका गड्ढों की ओर कोई ध्यान नहीं जाता है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिले।