किसी भी शहर या फिर गांव के विकास का मूल आधार सड़क है। सड़क होगी तो विकास होगा और बिना सड़क के विकास संभव नहीं हो सकता है। जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद अब यहां पर भी सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। यह बातें सोमवार को केंद्रीय सड़क व परिवहन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने जन संपर्क अभियान के तहत टिकरी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में पहुंचने पर सबसे पहले वीके सिंह ने पशु अस्पताल की इमारत, बिजली के रिसिविंग स्टेशन, टिकरी चनास रोड के अपग्रेडेशन व अन्य कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद मंत्री ने विभिन्न सरकारी विभाग की तरफ से लगाए गए स्टाल का निरीक्षण कर लोगों को दी जा रही सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
आयुष्मान भारत के तहत गोल्डन कार्ड, ममता किट और दिव्यांग लोगों में पेंशन के चेक वितरित किए गए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि किस प्रकार सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है और किस प्रकार इसका लाभ लोगों को मिल रहा है। आर्गेनिक खेती के लिए जिला प्रशासन की तरफ से किए जा कार्य की मंत्री ने प्रशंसा की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद सरकार प्रदेश के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। किसी भी क्षेत्र के विकास का मूल आधार सड़कें होती हैं। यूटी बनने के बाद अब जम्मू कश्मीर में भी केंद्र सरकार ने सड़कों का जाल बिछाने को लेकर प्रयास शुरू कर दिए हैं। सरकार का प्रयास है कि लोगों को हर तरह की सुविधाएं घर बैठे प्राप्त हों।
इसके लिए जनता और प्रशासन के बीच तालमेल को बेहतर बनाना होगा। तभी केंद्र सरकार की योजनाएं लोगों तक पहुंचेगी और लोगों को इनका लाभ मिलेगा। उन्होंने सरकारी अधिकारियों से कहा वह सरकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए कड़ी मशक्कत करें। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों की परेशानियों को भी सुना और उनका समाधान निकालने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। कमिश्नर सेक्रेटरी पीडब्लूडी ने यूटी में चलाए जा रहे बड़े प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी सबके सामने रखी।
बीडीसी चेयरमैन निशा शर्मा ने मंत्री के सामने टिकरी में डिग्री कालेज खोलने, टिकरी व मांड में फोरलेन राजमार्ग को पार करने के लिए फुट ओवर ब्रिज बनाने, स्वास्थ्य सुविधाओं का सुधार करने, पीएचसी टिकरी में गाइनोलॉजिस्ट नियुक्त करने की मांग को रखा। जिला विकास आयुक्त डा. पीयूष सिंगला ने पटनीटाप रोपवे प्रोजेक्ट, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट, किल वेस्ट, योगा इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, नेशनल हाइवे, मेडिकल कालेज आदि के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कमिश्नर सेक्रेटरी पीडब्लूडी खुर्शीद अहम शाह, जिला विकास आयुक्त डा. पीयूष सिंगला व अन्य कई अधिकारी मौजूद रहे।