मरालिया मोड से लेकर डाक बंगला तक जाने वाली सड़क न बनन के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
मीरां साहिब। मरालिया मोड़ से डाक बंगला तक जाने वाली सड़क का निर्माण अधर में लटकने के विरोध में बुधवार को लोगों ने संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर जल्द से जल्द विभाग द्वारा इस कार्य को शुरू नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
स्थानीय निवासी ज्योति शर्मा, लवली शर्मा, सरदार हरभजन सिंह सहित आदि ने कहा लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं कि सड़क के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए, लेकिन विभाग द्वारा इस तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते उन्हें विरोध प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले सांसद जुगल किशोर शर्मा ने सड़क का निर्माण शुरू कराया था और कुछ हिस्से पर तारकोल बिछाने के बाद कार्य बंद कर दिया गया। लोगों का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह सड़क तीन विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ती है, लेकिन सड़क की खस्ताहालत के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं की आपसी लड़ाई के कारण यह कार्य रुका है। स्थानीय लोगों ने एलजी से अपील करते हुए कहा कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए सड़क का निर्माण जल्द से जल्द कराएं।