नई बस्ती सतवारी चौक में इन दुकानों पर लने नोटिस।
जम्मू। नई दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा एक्सप्रेसवे के निर्माण के बीच में आ रही सतवारी चौक की 39 दुकानों को खाली करने का अल्टीमेटम प्रशासन ने दुकानदारों को दे दिया है। सोमवार को दुकानें खाली करने के लिए नायब तहसीलदार की तरफ से नोटिस भी चस्पा कर दिए हैं। इसमें साफ लिखा है कि हाईवे के निर्माण मेंं ये दुकानें बाधा बन रही हैं, इसलिए 27 मई तक हर हाल में इनको खाली कर दिया जाए। पूरे मामले में दुकानदार आक्रोशित हैं और मंगलवार को विधायकों के साथ धरना देंगे।
दो महीने पहले सतवारी चौक नई बस्ती बाजार के दुकानदारों को नगर निगम ने नोटिस थमाया था। इसके बाद दुकानदारों ने विधायकों विक्रम रंधावा और डा. नरिंदर सिंह के साथ धरना देकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसमें दुकानदारों को प्रशासन की तरफ से आश्वस्त किया गया था कि उनको नगर निगम क्षेत्र में चंद्रभागा में दुकानें बनाकर दी जाएंगी। इसके लिए पूर्व में जगह भी चिह्नित की जा चुकी थी।
दुकानदारों ने जगह को लेकर अपनी सहमति भी जताई थी। कई बार दुकानों को देने के लिए विधायकों के साथ बैठक की गई, लेकिन आश्वासन के अतिरिक्त कुछ दुकानदारों को नहीं मिल सका। इसी बीच, चंद्रभागा में भी दुकानें देने को लेकर नगर निगम की तरफ से हाथ खींचने की बात सामने आई।
इसमें कहा गया कि यहां से हटकर भगवती नगर में दुकानें दी जाएंगी। इसको लेकर अभी विधायकों की तरफ से शासन स्तर पर वार्ता चल रही थी कि एक बार फिर दुकानदारों को प्रशासन ने नोटिस देकर दुकान खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया है।
प्रशासन की वादा खिलाफी पर नाराजगी
नई बस्ती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि यह दुकानदारों के साथ विश्वासघात है। पहले दुकानों के लिए जगह चंद्रभागा में देने का वादा किया गया। अब इस वादे से मुकर कर दूसरी जगह दुकानें देने की बात कही गई। इस पर बात चल रही थी कि अब दुकानें खाली करने का नोटिस थमा दिया गया है। ऐसे में रोजगार बचाने के लिए मंगलवार को सभी दुकानदारों के साथ विक्रम रंधावा, डाॅ. नरिंदर सिंह सहित अन्य विधायक दुकानों के सामने धरना देंगे। अब आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।