विजयपुर के शिवनगर मार्ग की खस्ता हालत
विजयपुर। कांग्रेस सेवादल के सांबा जिला प्रधान धर्मपाल से मंगलवार को शिवनगर का एक प्रतिनिधि मंडल मिला। इस दौरान शिव नगर मार्ग की खस्ता हालत की जानकारी दी।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोगों ने बताया कि लगभग एक किलोमीटर मार्ग वर्षों से खस्ताहाल है। इसके कारण कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रधान धर्मपाल को बताया कि इस मार्ग पर कुछ साल पहले विभाग ने कंकर, मिट्टी आदि डाली, लेकिन उसके बाद विभाग ने तारकोल नहीं डाली। इस कारण जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। हर समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। हालांकि इस संबंध में उन्होंने कई बार पीडब्ल्यूडी को भी अवगत कराया। उसके बावजूद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों में पीडब्ल्यूडी के खिलाफ रोष है। इन सब परेशानियों को सुनने के बाद धर्मपाल ने आश्वासन दिया कि आपकी चल परेशानियों को जल्द ही अधिकारियों को बताया जाएगा और समस्या हल कराई जाएगी। प्रतिनिधि मंडल में यशपाल, अजय कुमार, राहुल कुमार, रजनी देवी, विवेक, रानो देवी आदि लोग मौजूद थे।
--------------------
जल्द शुरू होगा सीमावर्ती सड़कों का काम
पूर्व सरपंच व अन्य ने एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा
अरनिया। सीमाबर्ती पंचायत हल्का चंगिया के पूर्व सरपंच व पंच डॉक्टर रघुबीर सिंह सहित बीडीसी चेयरमैन कुलदीप राज व सरपंच बहादुरपुर जोति सिंह ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन से मुलाकात की। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र की सड़कों की समस्याओं को लेकर रूबरू कराया। बैठक में एक्सईएन को ज्ञापन सौंपा, जिसमें मांग की गई कि जल्द से जल्द सीमावर्ती सड़कों की मरम्मत की जाए, ताकि लोगों की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। एक्सईएन ने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द इन सड़कों का काम शुरू कराया जाएगा। संवाद