पौनी। माड़ी से मता तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनाई जा रही सड़क पर पिछले दस दिनों से कई जगह पर मलबा गिरा है। इस कारण लोगों का एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना मुश्किल हो गया है। लोगों ने इस मुद्दे को लेकर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया और नारेबाजी की।
लोगों घर में रोजाना इस्तेमाल की जाने वाली जरूरी चीजों को भी बाजार से नहीं ला पा रहे। मार्ग पर भूस्खलन होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। मार्ग से मलबा हटाने के लिए विभाग की तरफ से मात्र एक जेसीबी लगाई गई है। स्थानीय दलीप सिंह, कपूर सिंह और मुकेश सिंह ने कहा कि लगता है कि एक महीने में भी एक जेसीबी मलबा नहीं हटा पाएगी। लोगों की मांग है कि बड़ी मशीन लगाकर दो दिन के भीतर सड़क से मलबा हटाया जाए और आवाजाही बहाल की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया तो सड़क जाम कर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में विभाग के कार्यकारी इंजीनियर अंकुश अंगुराना ने बताया कि पिछले दो दिन से जेसीबी लगाकर मता क्षेत्र में सड़क से मलबा उठाने का काम चल रहा है लेकिन जेसीबी से सड़क मार्ग पर अभी तक पूरा मलबा नहीं हटा है, मंगलवार को बड़ी मशीन लगाकर मलबा हटाया जाएगा।